श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, 12 घायल
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के जनसों की मड़ई के पास मंगलवार की रात नेशनल हाईवे पर महाकुंभ प्रयागराज के लिए जा रही मिनी बस और ट्रक की टक्कर हो गई. जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वही 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को पुलिस व एंबुलेंस की टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया. जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया. वही शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.
जानकारी के अनुसार बिहार पटना के मलसलामी थाना क्षेत्र के निवासी मिनी बस से सवार होकर लोग प्रयागराज में लगे महाकुंभ में स्नान करने के लिए जा रहे थे. जैसे ही अलीनगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे पर जनसों की मड़ई गांव के समीप पहुंचे की ट्रक और मिनी बस की टक्कर हो गई. जिसमें गोपी कुमार, रूबी, गोयल दास, रचना, मेनका गोयल, प्रेम, प्रिया मोदी व कविती घायल हो गए. इसके बाद वहां चीख पुकार से आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज रही थी. इसी दौरान प्रिया मोदी और कविता मोदी की मौके पर ही मौत हो गई. वही 10 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन उसमें कनक केसरी और आलोक मोदी की हालत गंभीर होने पर उन्हें चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया.
जिला अस्पताल इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि 10 लोगों का उपचार किया गया. इसमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है और सूचना है कि दो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है.


















