जिले के 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस भर्ती परीक्षा, दो पालियों में होगी परीक्षा, केंद्रों पर पुलिस का सख्त पहरा
चंदौली : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा आज जिले के 10 केंद्रों पर दो पालियों में होगी. वही आज पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो चुकी है. प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 35760 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा पर निगरानी रखने के लिए पुलिस लाइन में जिलास्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है. वही प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है. यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों को इसके लिए नियुक्त किया गया है.

इन परीक्षा केंद्रों पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा
बता दे कि जिले में चंदौली पॉलिटेक्निक, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैयदराजा, गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सदलपुरा, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा, सकलडीहा इंटर कॉलेज, सकलडीहा पी.जी. कॉलेज, पंडित कमला पति त्रिपाठी पी.जी. कालेज, जिला पंचायत इंटर कॉलेज और राजकीय महिला महाविद्यालय सैयदराजा परीक्षा केंद्र बनाया गया है.

पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है. वही सकलडीहा पी.जी. कॉलेज पर सीओ सकलडीहा रघुराज, थानाध्यक्ष सकलडीहा सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे. वही नकल विहीन परीक्षा कराने के उद्देश्य से परीक्षार्थियों को बारी-बारी से चेक किया जा रहा था. उसके बाद परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति मिल रही थी. इस बाबत सकलडीहा सीओ रघुराज ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र में ही हर एग्जाम हाल की दीवार पर घड़ी लगाई गई है. साथ ही किसी अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी प्रबंधन किया गया है. ऐसे व्यक्तियों तथा अभ्यर्थियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. अभ्यर्थियों को समय पर एग्जाम सेंटर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. कहा कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर लिखी सभी गाइडलाइंस का पालन करें. बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पत्र में आधार नंबर का जिक्र नहीं किया है, उन्हें हर हाल में 2 घंटे पहले एग्जाम सेंटर में रिपोर्ट करना होगा. ताकि तय समय में उनका वेरिफिकेशन किया जा सके. कहा कि परीक्षा केंद्र पर ही इन अभ्यर्थियों की ई केवाईसी होगी.

जानिए क्या-क्या है बैन
परीक्षा केंद्रों पर कोई अध्ययन सामग्री (कोई छपा या लिखित), कागज के टुकड़े, किसी भी तरह की घड़ी, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, पर्स या बटुआ, ज्यामितीय पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, किसी भी तरह का कैलकुलेटर, क्रेडिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेनड्राइव, इरेज़र, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, डिजिटल पेन, चाबी, कैमरा, ब्लूटूथ, इयरफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी, खाने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस व गुटखा लाना पूरी तरह से बैन है. पावर युक्त चश्मा तथा धार्मिक पहचान चिन्ह यथा मंगलसूत्र प्रतिबंध नहीं होंगे.

पूर्व में प्रश्न पत्र लीक होने से सबक लेते हुए इस बार प्रदेश में कांस्टेबल के 60244 पदों के लिए होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर काफी तैयारी की गई है. यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह दस बजे से बारह बजे तक होगी वही दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी.


















