चहनियां बाजार में लावारिस महिला का शव मिलने से सनसनी, दो महीने से मांगकर कर रही थी गुजारा

123

चहनियां बाजार में लावारिस महिला का शव मिलने से सनसनी, दो महीने से मांगकर कर रही थी गुजारा

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बे में गुरुवार की सुबह एक लावारिस महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पिछले करीब दो महीने से कस्बे के बाजार में रहकर लोगों से मांगकर अपना जीवनयापन कर रही थी। वह बाजार में खुले स्थानों और दुकानों के बरामदों में रात बिताती थी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात महिला बाजार स्थित एक दुकान के खुले बरामदे में रखी टेबल पर सोई हुई थी। गुरुवार की सुबह आसपास के लोगों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने पास जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पूर्व प्रधान सरीद्वार यादव ने बताया कि महिला पिछले करीब दो महीने से चहनियां बाजार में दिखाई दे रही थी। वह लोगों से मांगकर अपना गुजारा करती थी और अर्धविक्षिप्त अवस्था में बाजार में इधर-उधर सो जाया करती थी।

फिलहाल पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।