चंदौली में बीज दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, 20 नमूने लिए गए, पांच दुकानों को नोटिस, किसानों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील

11

चंदौली में बीज दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, 20 नमूने लिए गए, पांच दुकानों को नोटिस, किसानों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील

चंदौली : रबी फसलों की बुआई के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में मंगलवार को बीज बिक्री केंद्रों पर औचक छापेमारी की। जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कुल 42 बीज बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सरसों, चना, मटर और गेहूं के कुल 20 नमूने लिए गए। वहीं, पांच बीज एवं उर्वरक प्रतिष्ठान बंद मिलने पर उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कृषि विभाग के अनुसार, यह अभियान उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी तथा संबंधित कृषि अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया। सकलडीहा, चंदौली सदर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, चकिया और नौगढ़ क्षेत्र में बीज बिक्री केंद्रों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच में बीज अधोमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश, 1983 एवं बीज अधिनियम, 1966 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पांच प्रतिष्ठान बंद मिलने पर नोटिस

निरीक्षण के दौरान मेसर्स ईश्वर बीज भंडार, जनौली; मेसर्स उमरावती एग्री जंक्शन खाद-बीज भंडार, कमालपुर; मेसर्स पंडित खाद एवं बीज भंडार, कमालपुर; मेसर्स खुशबू बीज भंडार, धानापुर तथा मेसर्स आदर्श कृषि विकास, धानापुर बंद पाए गए। विभाग ने इन प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

स्टॉक और बिक्री रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश

कृषि विभाग ने सभी बीज विक्रेताओं को अपने स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों को बीज की खरीद पर कैश मेमो उपलब्ध कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि खरीद का प्रमाण उनके पास रहे।

जिले में उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक

विभाग के मुताबिक, रबी फसलों की बुआई के लिए जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में निजी एवं सहकारी बिक्री केंद्रों पर यूरिया 17,031 मीट्रिक टन, डीएपी 8,461 मीट्रिक टन और एनपीके 3,337 मीट्रिक टन उपलब्ध है।

किसानों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे गेहूं, चना, मटर, सरसों समेत अन्य रबी फसलों की बुआई के लिए केवल प्रमाणित बीज ही खरीदें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फार्मर रजिस्ट्री और प्रमाणित खतौनी के साथ उर्वरक खरीदें तथा बोई जाने वाली फसल के लिए अनुशंसित मात्रा के अनुसार ही खाद का इस्तेमाल करें।

कृषि विभाग ने किसानों से बीज और उर्वरक खरीदते समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा खरीद का कैश मेमो अवश्य लेने की अपील की है, जिससे गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।