चंदौली में मिट्टी का टीला ढहने से महिला की मौत, दूसरी गंभीर, गांव में मचा कोहराम

59

चंदौली में मिट्टी का टीला ढहने से महिला की मौत, दूसरी गंभीर, गांव में मचा कोहराम

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ स्थित निषाद बस्ती में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी का टीला ढहने से 54 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाएं घर की साफ-सफाई के लिए गंगा किनारे जमीन से मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर ढह गया और दोनों उसके नीचे दब गईं। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, बलुआ निषाद बस्ती निवासी तेतरा देवी (54), पत्नी छोटन निषाद और लक्ष्मीना देवी (36), पत्नी स्वर्गीय भोनू निषाद, मंगलवार को अपने घरों की साफ-सफाई के लिए घर के पास गंगा किनारे मिट्टी की खुदाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और दोनों महिलाएं उसके नीचे दब गईं। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सकों के पास ले गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को चंदौली जिला चिकित्सालय ले जाने की सलाह दी।

जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तेतरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीना देवी के एक पैर की हड्डी टूट गई है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में तेतरा देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके तीन बेटे नीरज, धीरज और रवि तथा बेटी सोनी निषाद का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीना देवी की जिंदगी पहले से ही संघर्षों से भरी है। उनके पति भोनू निषाद की आठ महीने पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं लक्ष्मीना के गंभीर रूप से घायल होने से बच्चों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम

घटना की सूचना मिलने पर बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल सतीश सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। परिजनों ने तेतरा देवी का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हादसे के बाद निषाद बस्ती में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीण जुटे हुए हैं।