जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
चंदौली : भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना (PE) को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जनपद की सभी तहसीलों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण के प्रथम बैच का निरीक्षण करने जिलाधिकारी स्वयं सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का जायजा लिया और उपस्थित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित करे।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की बारीकियों को पूरी गंभीरता से सीखने की हिदायत देते हुए कहा कि आंकड़ों की शुद्धता और कार्य में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने पर भी जोर दिया।
चकिया में भी प्रशिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा ने चकिया स्थित प्रशिक्षण केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिले के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर संबंधित उपजिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
तकनीकी जानकारी और डेटा संकलन पर विशेष जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम बैच 28 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, आंकड़ों के सही संकलन और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने से संबंधित जानकारी दी जा रही है, ताकि मैदानी स्तर पर किसी तरह की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें। प्रशासन का लक्ष्य जनगणना-2027 की प्रक्रिया को सटीक, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न कराना है।


















