निर्माणाधीन पुलिस लाइन में बड़ा हादसा, सातवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों का प्रदर्शन
चंदौली : निर्माणाधीन पुलिस लाइन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय मजदूर अशोक राजभर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह लिफ्ट के जरिए सातवीं मंजिल पर बालू चढ़ाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। Iहादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक अशोक राजभर सकलडीहा थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव निवासी रामजी राजभर का पुत्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पति की मौत से पत्नी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में तीन बेटियां अंकित, अर्पिता और अंतिम तथा एक बेटा आरुष है। अशोक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। वहीं, सूचना मिलते ही सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव और सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर भी निर्माणाधीन पुलिस लाइन पहुंचे।

मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग
हादसे से आक्रोशित परिजनों और बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन के मुख्य गेट के पास शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया।
इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार के सामने अब बच्चों के भरण-पोषण और भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।


















