त्योहार और एयर शो के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव, चंदौली में 21 से 25 अक्टूबर तक लागू रहेगा नो-इंट्री प्लान, भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
चंदौली : आगामी त्योहारों एवं एयर शो के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक विशेष नो-इंट्री प्लान लागू किया गया है। इसके तहत कोयला मंडी, लंका मैदान, कटेसर, पड़ाव और चकिया तिराहे से जुड़े मार्गों पर ट्रकों एवं भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। निर्धारित व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित वाहन चालकों और ट्रक व्यापारियों से सहयोग की अपील की गई है।
रात 12 से सुबह 5 बजे तक मिलेगी छूट
निर्धारित यातायात प्लान के अनुसार, कोयला मंडी से पड़ाव होते हुए रामनगर की ओर किसी भी ट्रक या भारी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार लंका मैदान से कटेसर होते हुए कोयला मंडी की तरफ भी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन दोनों मार्गों पर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक नो-इंट्री में छूट रहेगी। दिन के समय दोनों तरफ से प्रतिबंध सख्ती से लागू रहेगा।
लंका मैदान से चकिया तिराहे तक भी प्रतिबंध
यातायात व्यवस्था के तहत लंका मैदान से चकिया तिराहे होते हुए पड़ाव (मुगलसराय) की ओर किसी भी मालवाहक या भारी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों और एयर शो के दौरान यातायात का दबाव कम करना तथा आम नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाए रखना है।
मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर ट्रक खड़े न करने की अपील
प्रशासन की ओर से जनपद के सभी ट्रक व्यापारियों एवं चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नो-इंट्री प्लान का पालन करें। विशेष रूप से कोयला मंडी क्षेत्र में किसी भी ट्रक या भारी वाहन को मुख्य मार्ग अथवा सर्विस रोड पर खड़ा न किया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्योहारों एवं एयर शो के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों और समय-सारिणी का पालन करने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई है।


















