धानापुर बाजार में चोरों का आतंक, छत के रास्ते घर में घुसकर दो लाख नकदी और लाखों के जेवर उड़ाए
चंदौली : धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बंद घर को निशाना बनाया। सोमवार की रात चोर छत के रास्ते स्वर्गीय जितेंद्र सेठ के मकान में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर दो लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह चोरी की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं बाजार के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात घर में जितेंद्र सेठ के बेटे और बेटी सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी मुस्कान की नजर अलमारी के टूटे ताले और कमरे में बिखरे सामान पर पड़ी। इसके बाद चोरी की जानकारी परिजनों को हुई। चोर अलमारी में रखे दो लाख रुपये नकद, जो एलआईसी से संबंधित बताए जा रहे हैं, सोने के तीन लॉकेट वाला मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और सोने के दो जोड़ी कान के झाले समेत अन्य कीमती सामान लेकर चंपत हो गए।

जितेंद्र सेठ के निधन के कुछ महीने बाद परिवार पर टूटा चोरी का कहर
गौरतलब है कि जितेंद्र सेठ का कुछ महीने पहले ही निधन हुआ था। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि चोरों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देकर उसे एक और गहरा आघात पहुंचा दिया। घटना की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जितेंद्र सेठ के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

लगातार घटनाओं से सुरक्षा पर उठे सवाल
धानापुर बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों के मुताबिक, पिछले सोमवार को भी बाजार में एक महिला के 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी गायब हो गई थी। उस मामले का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इन मामलों का खुलासा किया जाएगा। अब स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।


















