जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का हृदयाघात से निधन, प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर
चंदौली : जिले के जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का मंगलवार भोर में हृदयाघात (कार्डियक अटैक) से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से जिले के प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मनीष विक्रम पिछले करीब एक वर्ष से चंदौली में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष विक्रम पूर्व में मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। बीमारी से संघर्ष करने के बाद वह स्वस्थ हो गए थे। हालांकि, मंगलवार भोर में अचानक हृदयाघात आने से उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक व्याप्त हो गया।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के मीटिंग हॉल में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने मनीष विक्रम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
शोक सभा के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मनीष विक्रम के असामयिक निधन से जिले के प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


















