जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का मास्टर प्रशिक्षण शुरू, रेवसा ITI में 8 से 10 अक्टूबर तक चलेगा तीन दिवसीय प्रशिक्षण, डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने सटीक आंकड़े दर्ज करने के दिए सख्त निर्देश

46

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का मास्टर प्रशिक्षण शुरू, रेवसा ITI में 8 से 10 अक्टूबर तक चलेगा तीन दिवसीय प्रशिक्षण, डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने सटीक आंकड़े दर्ज करने के दिए सख्त निर्देश

चंदौली : भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्री-टेस्टिंग/पोस्ट-न्यूमरेशन (PE) प्रक्रिया के प्रथम स्लॉट का तीन दिवसीय मास्टर प्रशिक्षण गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रेवसा में शुरू हुआ। 8 से 10 अक्टूबर तक चलने वाले प्रशिक्षण में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना कार्य की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कहा कि जनगणना महज आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश और जिले के भविष्य के विकास की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और सावधानी से कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं की जानकारी के लिए कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐप अथवा फॉर्म में दिए गए सभी प्रश्नों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी स्तर पर त्रुटि अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल माध्यम और मोबाइल ऐप का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इससे आंकड़ों की प्रविष्टि तेजी और अधिक सटीकता के साथ पूरी की जा सकेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना टीम के घर पहुंचने पर सभी 40 प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर देकर गणना कार्य में सहयोग करें।