कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, नेताओं की हिरासत के विरोध में दी गिरफ्तारी
चंदौली : दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली ने गुरुवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में काला दिवस मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी भी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाने से रोका गया और उनके साथ बलपूर्वक व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के प्रति गंभीर चिंता पैदा करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने 7 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, तरुण पांडेय, भवानी शरण सिंह, राहुल गुलाब राम, हम्मीर शाह, परमहंस सिंह राजपूत, नवीन पांडेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, अमलेंदु पांडेय, अतुल दुबे, इंद्रजीत मिश्रा, दिलीप यादव, शिवेंद्र मिश्रा, जुगल किशोर, राजू कुमार, अरविंद पांडेय और रामौतार यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















