हार का ठीकरा कभी भाजपा तो कभी चुनाव आयोग पर फोड़ता है इंडी गठबंधन : सुशील सिंह

64

हार का ठीकरा कभी भाजपा तो कभी चुनाव आयोग पर फोड़ता है इंडी गठबंधन : सुशील सिंह

चंदौली : जिला मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय में बुधवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी श्रीराम कथा आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धानापुर क्षेत्र के दशमी पोखरा के पास आगामी 20 से 24 अक्टूबर तक भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।

कथा वाचन के लिए पहली बार चंदौली आ रहे प्रसिद्ध कथा वाचक राजन महाराज भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का श्रद्धालुओं को रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजकों के अनुसार कथा में करीब 25 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है।

भगवान श्रीराम हम सभी के आदर्श : सुशील सिंह

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के आदर्श हैं। उनके जीवन से मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्य का संदेश मिलता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने की अपील की।

इंडी गठबंधन का कोई अस्तित्व नहीं : सुशील सिंह

प्रेस वार्ता के दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे धरना-प्रदर्शन पर भी विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन का कोई अस्तित्व ही नहीं है।

जहां जीतते हैं वहां जनाधार, जहां हारते हैं वहां आरोप

प्रदेश और देश में जहां ये चुनाव जीतते हैं, वहां अपने जनाधार की बात करते हैं, लेकिन जहां हारते हैं, वहां हार का ठीकरा भारतीय जनता पार्टी पर फोड़ते हैं। कभी सुप्रीम कोर्ट तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाया जाता है।

चुनाव नजदीक आते ही अफवाह फैलाने में जुटा इंडी गठबंधन : सुशील सिंह

सुशील सिंह ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही लोगों के बीच तरह-तरह की अफवाहें फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख और समझ रही है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी राजनीतिक हार की भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी जनता के विश्वास और विकास के मुद्दों के साथ लगातार आगे बढ़ रही है।