अंत्योदय कार्ड, बिजली बिल माफी, आवास व पेंशन की मांग को लेकर दिव्यांगों का प्रदर्शन
चंदौली : अंत्योदय कार्ड, बिजली बिल माफी, आवास और पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को दिव्यांगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान दिव्यांगों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग का घेराव कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे दिव्यांगों ने कहा कि लंबे समय से पात्र होने के बावजूद उनके अंत्योदय कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बिजली बिल माफी, आवास और पेंशन से संबंधित समस्याओं का भी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की।
दिव्यांग अजय बहादुर सिंह ने कहा कि अंत्योदय कार्ड समेत अन्य मांगों को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मजबूर होकर जिलाधिकारी का घेराव कर अपनी आवाज उठानी पड़ी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को दिव्यांगों की समस्या का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई।


















