वोट चोरी का आरोप लगाकर इंडिया गठबंधन का हल्लाबोल, CEC के इस्तीफे की मांग

44

वोट चोरी के आरोप पर इंडिया गठबंधन का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

चंदौली : वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए इंडिया गठबंधन के नेताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग उठाई है। नेताओं का आरोप है कि SIR के नाम पर मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।

सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करती है। उन्होंने SIR के नाम पर वोट काटे जाने के आरोपों की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क पर उतर रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एफआईआर की मांग को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।

इंडिया गठबंधन के नेता कमलापति त्रिपाठी पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाले। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।