नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, कटेसर-गंगा तट पर अफसरों का डेरा, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

43

नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, कटेसर-गंगा तट पर अफसरों का डेरा, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

चंदौली : नमो घाट के समीप प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर समेत गंगा तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम ने नमो घाट तथा आयोजन स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआईपी के साथ ही आम दर्शकों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं, भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए एसपी ने यातायात पुलिस को प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए।

प्रमुख चौराहों और घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ चिन्हित पार्किंग स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करें।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ आर. जगत साई, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, एएसपी विक्रम दहिया समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।