लूट के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, व्यापारियों में दहशत, सराय टेढ़की पुलिया के पास व्यापारी से 1.20 लाख की हुई थी छिनैती, लाठी-डंडों से किया था हमला

43

लूट के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, व्यापारियों में दहशत, सराय टेढ़की पुलिया के पास व्यापारी से 1.20 लाख की हुई थी छिनैती, लाठी-डंडों से किया था हमला

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में थाने से महज एक किलोमीटर दूर व्यापारी से हुई 1.20 लाख रुपये की लूट की घटना के चार दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। बदमाशों द्वारा सरेराह व्यापारी पर लाठी-डंडों से हमला कर नकदी से भरा बैग लूटने की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत के साथ आक्रोश भी है। पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी होने का दावा कर रही हैं, लेकिन अभी तक न तो लुटेरों का सुराग लगा है और न ही लूटी गई रकम बरामद हो सकी है।

बताते है कि चहनिया कस्बा निवासी पतंजलि के थोक व्यापारी रतन बरनवाल शुक्रवार की रात सकलडीहा से तगादा कर बाइक से अपने घर सराय लौट रहे थे। वह सराय टेढ़की पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि रानेपुर मार्ग पर तिराहे से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए चार मुंहबांधे बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों से व्यापारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से व्यापारी सड़क पर गिर पड़े।

इसी दौरान बदमाश झोले में रखा बैग लेकर रानेपुर की ओर फरार हो गए। बैग में करीब 1.20 लाख रुपये नकद, दुकान की डायरी और बिल रखे थे। घायल व्यापारी ने किसी तरह बलुआ थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित तहरीर दी।

व्यापारियों ने शीघ्र कार्यवाही की मांग

घटना को चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली होने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि थाना क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बदमाशों का इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना चिंता का विषय है। उन्होंने जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर बदमाशों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, खुलासा का दावा

इस संबंध में सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि घटना की जांच के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पूर्व में लूट की घटनाओं में संलिप्त रहे संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ और उनका सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।