ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधक गिरफ्तार, डॉक्टर के न आने पर खुद ऑपरेशन करने का पुलिस पूछताछ में किया दावा
चंदौली : धानापुर थाना क्षेत्र के महराईया स्थित इंद्रा हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अस्पताल का प्रबंधक इंद्रजीत प्रजापति है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में थाना धानापुर में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक, धीना थाना क्षेत्र के लखईपुर गांव निवासी चन्द्रवली बिन्द ने अपनी पुत्री सुमन की मौत के संबंध में तहरीर दी थी। सुमन को 18 अगस्त 2026 को इंद्रा हॉस्पिटल महराईया में भर्ती कराया गया था। 19 अगस्त को डॉ. इंद्रजीत प्रजापति द्वारा उसका ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने के बाद रात में सुमन की मौत हो गई।
मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी, चंदौली की जांच रिपोर्ट और मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में मु.अ.सं. 185/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे वांछित आरोपी इंद्रजीत प्रजापति को इंद्रा हॉस्पिटल महराईया से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अस्पताल का प्रबंधक है और सामान्य तौर पर डॉक्टरों को बुलाकर मरीजों का इलाज करवाता है। घटना वाले दिन डॉक्टर के नहीं आने पर उसने स्वयं ऑपरेशन किया था, जिसके बाद मरीज की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्र, कांस्टेबल भानू प्रताप यादव और कांस्टेबल प्रवीण त्रिपाठी शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















