सैयदराजा में सपा की PDA जन चौपाल, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे नेता, राजेश कुशवाहा बोले- कुशवाहा-मौर्य समाज PDA के साथ, डब्लू ने विधायक के दस साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल

26

सैयदराजा में सपा की PDA जन चौपाल, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे नेता, राजेश कुशवाहा बोले- कुशवाहा-मौर्य समाज PDA के साथ, डब्लू ने विधायक के दस साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल

चंदौली : सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में बुधवार को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा और पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने लोगों को संबोधित किया। सपा नेताओं ने प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का दावा करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनने की बात कही। जन चौपाल में कुशवाहा और मौर्य समाज के लोगों की भी भागीदारी रही।

सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य को प्रमुख चेहरे के रूप में आगे रखकर चुनाव लड़ा था, लेकिन सरकार बनने के बाद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद कुशवाहा और मौर्य समाज को अपेक्षित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिली। केशव प्रसाद मौर्य वर्तमान में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं।

राजेश कुशवाहा ने दावा किया कि अब कुशवाहा और मौर्य समाज के लोग PDA के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही, गुंडागर्दी और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। कहा कि PDA समाज के लोग अखिलेश यादव को अपना नेता मानकर उनके साथ आगे बढ़ रहे हैं।

वहीं सपा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक के कथित दस वर्ष के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय में क्षेत्र को कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं मिली है। उन्होंने दावा किया कि अब सैयदराजा की जनता बदलाव के लिए तैयार है।

जन चौपाल के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, हरदेव कुशवाहा, रामधनी यादव, रमेश यादव, मुन्नीलाल मौर्य, बलराम सिंह यादव, अजय मौर्या, जागेंद्र यादव, रामनारायण यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।