25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, छह जिंदा व दो मृत गोवंश बरामदगी के मामले में था वांछित

16

25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, छह जिंदा व दो मृत गोवंश बरामदगी के मामले में था वांछित

चंदौली : सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोतस्करी के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त को वाराणसी के लमही स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनीष सिंह (39) पुत्र रामजीत सिंह, निवासी शिवरामपुर कला, थाना केराकत, जनपद जौनपुर, हाल पता बेलवा बाबा लमही, थाना लालपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पांच जून 2026 को सैयदराजा पुलिस कस्बा जमानिया तिराहा के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर भतीजा मोड़ कट के पास पहुंची पुलिस टीम ने चंदौली की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन को हाईवे की दक्षिणी लेन की ओर मोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे आठ गोवंशीय साड़ बरामद हुए, जिनमें छह जीवित और दो मृत थे। वाहन के पंजीकृत स्वामी रामजीत सिंह और अज्ञात चालक के खिलाफ सैयदराजा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मनीष सिंह का नाम प्रकाश में आया और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। संयुक्त टीम ने 25 सितंबर को उसे लमही स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि बरामद बोलेरो पिकअप उसके पिता रामजीत सिंह के नाम पंजीकृत है और पांच जून को पुलिस चेकिंग देखकर वह गोवंश लदे वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने 26 सितंबर को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव समेत स्वाट व सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।