गोवंश तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार, मैजिक वाहन से तीन गोवंश बरामद
चंदौली : थाना सैयदराजा पुलिस ने रविवार को जमानिया-कंदवा मार्ग पर पुल के पास चेकिंग के दौरान एक मैजिक वाहन से तीन गोवंश बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद गोवंश में दो गाय और एक बछिया शामिल हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम जमानिया-कंदवा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मैजिक वाहन संख्या BR 45 GB 4264 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से तीन गोवंश बरामद हुए। मौके से वाहन चालक उमेश कुमार (34) निवासी परमालपुर, थाना सोनहन, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार और ऋषिकेश कुमार (19) निवासी बलिगाँवा, थाना नौखा, जिला रोहतास (सासाराम), बिहार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ में ऋषिकेश कुमार ने कथित रूप से बताया कि वह गायों की खरीद-बिक्री करता है। पुलिस के अनुसार, वह स्थानीय लोगों की मदद से गांवों से कम कीमत पर गाय खरीदकर बिहार ले जाता था, जहां उन्हें अधिक कीमत पर बेचने की बात सामने आई। बरामद गोवंश को भी बिहार ले जाने की तैयारी थी। वाहन चालक उमेश कुमार को प्रति गाय 4,000 रुपये किराये के रूप में देने की बात पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 0285/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मैजिक वाहन के अलावा दो की-पैड मोबाइल फोन भी बरामद किए।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल गया प्रसाद यादव, कांस्टेबल ऋषि मिश्रा, मनीष कुमार और सुभाष चन्द्र शामिल रहे।


















