UPI ऐप पर खरीदा Digital Gold कितना सुरक्षित? EGR से समझिए असली फर्क, सोना खरीदने से पहले जानें Digital Gold, Gold ETF और EGR में अंतर
चंदौली : आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन के जरिए महज ₹100 या ₹500 में सोना खरीदना बेहद आसान हो गया है। UPI ऐप पर कुछ ही क्लिक में गोल्ड खरीदने के बाद स्क्रीन पर उसका बैलेंस भी दिखाई देने लगता है। ऐसे में आम उपभोक्ता को लगता है कि उसने सीधे सोने में निवेश कर लिया है। लेकिन सवाल यह है कि ऐप पर खरीदा गया यह सोना वास्तव में किस स्वरूप में है और उसे कौन-सा नियामक ढांचा नियंत्रित करता है?
इसी महत्वपूर्ण विषय को लेकर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने बताया कि Digital Gold, Gold ETF और Electronic Gold Receipts (EGR) को एक ही समझना सही नहीं है। हाल में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा ऑगमॉन्ट गोल्ड टेक को Electronic Gold Receipts को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख साझेदार के रूप में सूचीबद्ध किए जाने के बाद यह अंतर और महत्वपूर्ण हो गया है।
EGR को सामान्य भाषा में सोने की इलेक्ट्रॉनिक रसीद समझा जा सकता है। निर्धारित मानकों और शुद्धता वाला भौतिक सोना पंजीकृत वॉल्ट में रखा जाता है और उसके बदले EGR जारी किया जाता है, जो डीमैट खाते में दर्ज होता है। इसे NSE पर खरीदा-बेचा जा सकता है। निर्धारित प्रक्रिया और लागू शुल्क के अनुसार EGR धारक भौतिक सोने की डिलीवरी का अनुरोध भी कर सकता है।
डॉ. तिवारी के अनुसार, ऐप पर उपलब्ध Digital Gold, Gold ETF और EGR तीन अलग-अलग वित्तीय उत्पाद हैं। ऐप आधारित Digital Gold SEBI के नियामकीय ढांचे के अंतर्गत नहीं आता। SEBI ने Digital Gold से जुड़े प्लेटफॉर्म और संचालन संबंधी जोखिमों को लेकर सार्वजनिक चेतावनी भी जारी की है। इसके विपरीत Gold ETF और एक्सचेंज पर ट्रेड होने वाला EGR SEBI के नियामकीय ढांचे के अंतर्गत आते हैं। वहीं Sovereign Gold Bond एक अलग प्रकार की सरकारी प्रतिभूति है, जिसे भारत सरकार की ओर से RBI जारी करता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि UPI से भुगतान करने मात्र से खरीदा गया Gold RBI या SEBI द्वारा विनियमित उत्पाद नहीं बन जाता। नियमन इस बात पर निर्भर करता है कि ग्राहक ने वास्तव में कौन-सा गोल्ड प्रोडक्ट खरीदा है।
ऑगमॉन्ट समूह Digital Gold से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराता है, लेकिन NSE के साथ EGR संबंधी साझेदारी का यह अर्थ नहीं है कि ऐप पर उपलब्ध Digital Gold स्वतः EGR में बदल जाता है। EGR की एक्सचेंज पर ट्रेडिंग पहले से उपलब्ध है और वर्तमान पहल का उद्देश्य इसके उपयोग और पहुंच को बढ़ावा देना है।
डॉ. तिवारी ने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि मोबाइल ऐप पर केवल Gold Balance देखकर निवेश न करें। खरीदारी से पहले यह जरूर जांचें कि वह Digital Gold, Gold ETF अथवा EGR में से कौन-सा उत्पाद है। साथ ही उसके नियामकीय ढांचे, शुल्क, भंडारण एवं डिलीवरी की शर्तों तथा संबंधित जोखिमों को समझना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यही है कि किसी भी निवेश उत्पाद को खरीदने से पहले यह समझा जाए कि वह वास्तव में क्या है और उसके नियम क्या हैं।
डॉ. विनय प्रकाश तिवारी LTP Calculator Financial Technology Pvt. Ltd. तथा Daddy’s International School & Hostel, बिशुनपुरा कांटा, चंदौली के संस्थापक हैं।
नोट : यह जानकारी वित्तीय जागरूकता के उद्देश्य से है। इसे व्यक्तिगत निवेश सलाह नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी गोल्ड प्रोडक्ट में निवेश से पहले संबंधित दस्तावेज, शुल्क, डिलीवरी की शर्तें और जोखिमों की स्वयं जांच करना आवश्यक है।


















