मंदिर में अराजक तत्वों का तांडव, गणेश-शिव की प्रतिमाएं खंडित, सुबह दर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

19

मंदिर में अराजक तत्वों का तांडव, गणेश-शिव की प्रतिमाएं खंडित, सुबह दर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच

चंदौली : बबुरी थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में अराजक तत्वों ने मंदिर में तांडव मचाते हुए भगवान गणेश और शिवजी की प्रतिमाओं को ईंट-पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार की सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों की नजर जब खंडित प्रतिमाओं पर पड़ी तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और नाराजगी देखी गई।

ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर में स्थापित भगवान गणेश और शिवजी की प्रतिमाएं पूरी तरह सुरक्षित थीं। रात में अराजक तत्वों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर ईंट-पत्थर चलाए और प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो वहां प्रतिमाओं के आसपास ईंट-पत्थर पड़े मिले। प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं तथा आसपास पड़े ईंट-पत्थरों को देखा और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

शराबियों पर ग्रामीणों ने जताई आशंका

ग्रामीणों ने मंदिर में प्रतिमाओं को खंडित करने के पीछे गांव में देर रात तक शराब पीकर उत्पात मचाने वाले अराजक तत्वों पर आशंका जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कुछ लोग देर रात तक शराब का सेवन कर इधर-उधर घूमते हैं और आए दिन हंगामा करते हैं। ऐसे में आशंका है कि नशे की हालत में किसी अराजक तत्व ने मंदिर में पहुंचकर इस घटना को अंजाम दिया हो।

ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द चिह्नित करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल में स्थापित प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करना बेहद गंभीर मामला है। इससे ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल घटना के बाद गांव में पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अराजक तत्वों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और देर रात मंदिर के आसपास मौजूद लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो सके। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही प्रतिमाओं को खंडित करने वाले आरोपितों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।