लूट के बाद फिर वारदात की फिराक में थे चार शातिर, अलीनगर पुलिस ने दबोचा
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास 25 अगस्त की रात हुई लूट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह कारतूस, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
25 अगस्त की रात मुगलसराय निवासी सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्रों के साथ कार से एसएस हॉस्पिटल के पास पहुंचे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार रोककर तमंचे से फायरिंग की और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की।
28 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दोबारा वारदात की फिराक में सकलडीहा से रिंग रोड की ओर आ रहे हैं। तारापुर-आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस ने टीवीएस रोनिन सवार राजकुमार दुबे और अमन गिरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी पर उनके दो साथी कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा और विनोद सिंह भी दबोचे गए।
पुलिस के अनुसार गिरोह हाईवे पर घूमकर मौका मिलते ही असलहे के बल पर लूट करता था। गिरफ्तार आरोपितों में विनोद सिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। चारों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


















