50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
चंदौली : सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में दिसंबर 2025 में हुई हत्या समेत डकैती की घटना में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हत्या सहित डकैती की वारदात हुई थी। घटना में कुल सात अभियुक्त शामिल थे, जिनमें पांच की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अभियुक्त फरार चल रहे थे। इन्हीं में बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के सतोपती गांव निवासी राजू मुसहर भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बुधवार को सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम समइया पट्टीदारी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि राजू मुसहर चंदौली में प्रवेश कर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पट्टीदारी सवैया महलवार की ओर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस का दावा है कि बदमाश के दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख राजू मुसहर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। मोटरसाइकिल चोरी की है अथवा आरोपी की अपनी, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सैयदराजा, कंदवा, पड़री, लालपुर/पाण्डेयपुर और बबुरी थानों में चोरी, बरामदगी, धोखाधड़ी तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा के साथ पुलिस टीम तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के अधिकारी और जवान शामिल रहे।


















