आकाशीय बिजली गिरने से किसान की दर्दनाक मौत, खेत में सिंचाई करते समय हुआ हादसा
चंदौली : धानापुर थाना क्षेत्र के कवल पूरा गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, कवल पूरा गांव निवासी 37 वर्षीय श्याम कुमार अपने खेत में धान की फसल के लिए सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से श्याम कुमार गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर धानापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
ग्रामीणों ने बताया कि श्याम कुमार मेहनती किसान थे और अपने परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मृतक किसान के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता एवं सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।


















