चंदौली में नामी मसाला ब्रांड्स पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, ‘रॉयल’ और ‘RL’ फैक्ट्रियों पर छापा, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

250

चंदौली में नामी मसाला ब्रांड्स पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, ‘रॉयल’ और ‘RL’ फैक्ट्रियों पर छापा, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

चंदौली : जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रसिद्ध मसाला ब्रांड ‘रॉयल’ और ‘RL (आर एल)’ मसाला फैक्ट्रियों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार और कच्चे मसालों के नमूने एकत्र कर सील किए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। कमिश्नर (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अलीगंज, लखनऊ) तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में संचालित मसाला इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ‘रॉयल मसाले’ और ‘RL मसाले’ इकाइयों में हल्दी, धनिया, लाल मिर्च सहित विभिन्न प्रकार के तैयार एवं कच्चे मसालों की गहन जांच की गई। संदिग्ध पाए गए नमूनों को मौके पर ही सील कर विधिक प्रक्रिया के तहत राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया।

इस विशेष अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. एन. त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणधीर सिंह यादव भी शामिल रहे।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, तो संबंधित कंपनियों के विरुद्ध कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।