वन विभाग की संयुक्त गश्त में बड़ी सफलता, अवैध पत्थर-ईंट लदा ट्रैक्टर पकड़ा, चालक फरार, जांच शुरू

102

वन विभाग की संयुक्त गश्त में बड़ी सफलता, अवैध पत्थर-ईंट लदा ट्रैक्टर पकड़ा, चालक फरार, जांच शुरू

चंदौली : वन विभाग की संयुक्त गश्ती टीम ने शुक्रवार को अवैध वन उपज के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर-ईंट से लदे एक संदिग्ध ट्रैक्टर को पकड़ लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। विभाग ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चकिया-शेरवा लिंक मार्ग पर फत्तेपुर के पास हुई कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को प्रातः लगभग 11:20 बजे संयुक्त गश्त के दौरान वन विभाग की टीम चकिया-शेरवा लिंक मार्ग पर ग्राम फत्तेपुर के पास नियमित निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर दिखाई दिया, जिस पर पत्थर एवं ईंट (वन उपज) लदी हुई थी।

चालक मौके से फरार, विभागीय जांच शुरू

वन कर्मियों ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और ग्राम शेरवा के पास ट्रैक्टर को अवैध रूप से वन उपज का परिवहन करते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वन विभाग ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। फरार चालक की पहचान एवं अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध वन अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश कुमार दुबे के नेतृत्व में कार्रवाई

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं वन उपज के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश कुमार दुबे, डिप्टी रेंजर श्री रामचरित्र सिंह, वन दरोगा रिशु चौबे तथा वनरक्षक अरविंद कुमार गौड़, राधे कृष्ण मिश्रा सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।