गोवंश तस्करी पर चंदौली पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन मैजिक वाहनों से छह गोवंश बरामद, चार गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाए जा रहे तीन मैजिक वाहनों से छह गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने चार कथित तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन वाहनों को भी सीज कर दिया। आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में अवैध पशु तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को मैजिक वाहनों में लादकर बिहार की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवीन मंडी के समीप घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ देर बाद एक के पीछे एक आ रहे तीन मैजिक वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल छह गोवंशीय पशु बरामद हुए। मौके से सर्वजीत मौर्या, संजय सिंह, प्रिन्स गुप्ता तथा राम उजागर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों मैजिक वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से गोवंशीय पशुओं को एकत्र कर बिहार में वध के उद्देश्य से पहुंचाते थे और इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर पांच हजार रुपये मिलते थे। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
इस संबंध में कोतवाली चंदौली में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, आरक्षी अभिषेक तिवारी एवं आरक्षी लवकुश सिंह शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















