संपूर्ण समाधान दिवस में 72 फरियादियों ने लगाई गुहार, पांच मामलों का मौके पर निस्तारण

25

संपूर्ण समाधान दिवस में 72 फरियादियों ने लगाई गुहार, पांच मामलों का मौके पर निस्तारण

चंदौली : आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को पीडीडीयू नगर तहसील सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 72 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र ग्रामीणों को उनका लाभ दिलाया जाए। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की संबंधित अधिकारी समय-समय पर गुणवत्ता की जांच करें, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।

उन्होंने विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें न्याय दिलाने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविक रूप से सुनिश्चित करें।

संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।